उत्तराखंड के शासकीय-अशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को मिलेगा अवकाश
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने करवा चौथ पर्व के अवसर पर राज्य की महिला कार्मिकों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। राज्यपाल ने प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए 29 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश की स्वीकृति प्रदान की है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना संख्या-1501/15/0/26-74 (सा0)/2016 के अनुसार यह अवकाश करवा चौथ पर्व के अवसर पर घोषित किया गया है। इस निर्णय से प्रदेश में विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में कार्यरत महिला कार्मिकों को राहत मिलेगी। इस संबंध में आदेश सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से जारी किया गया है।



