हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी नजर रखने के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सीसीआर भवन की नई बिल्डिंग में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में बनाए जा रहे अत्याधुनिक डाटा सेंटर और सर्वर रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि डाटा सेंटर का निर्माण पेयजल विभाग द्वारा कराया जा रहा है, जबकि आईटीआई (पीएसयू) द्वारा इसमें आधुनिक सर्वर, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी उपकरण विकसित किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य और सभी तकनीकी उपकरणों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित उच्च मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड इसी आईसीसीसी सेंटर के जरिए मॉनिटर की जाएगी। इससे भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में अत्याधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग संभव हो सकेगा। किसी भी आपात स्थिति में अधिकारी तुरंत त्वरित कार्रवाई कर सकेंगे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और कुंभ मेले से पहले इस सेंटर को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए, जिससे समय रहते हाईटेक निगरानी व्यवस्था शुरू की जा सके।



