डेंसो चौक के पास हादसा, फैक्ट्री में खाना पहुंचाने जा रहा था 23 वर्षीय वासु

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर डेंसो चौक के पास सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से एक फैक्ट्री में खाना पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वासु निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह सिडकुल क्षेत्र में डेंसो चौक के पास स्थित एक ढाबे पर काम करता था। सोमवार दोपहर वह ढाबे से बाइक पर खाना लेकर एक फैक्ट्री में पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सिडकुल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

हादसे से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि डेंसो चौक के पास एक ट्रक रुकता है, जबकि उसके बराबर से दूसरा ट्रक गुजर रहा होता है। इसी दौरान बाइक सवार युवक आगे निकलने के लिए ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास करता है। इसी बीच वह गुजर रहे ट्रक से टकरा जाता है और उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो जाता है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, चालक की तलाश

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *