दशहरे की आधी रात को की गयी थी वार्षिक गंगा बंदी
हरिद्वार। वार्षिक रखरखाव व निर्माण कार्यो के लिए दशहरे की रात बंद की गयी गंगा दीपावली की मध्य रात्रि से घाटों पर लौट आएगी। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने 8 नवम्बर की आधी रात से गंगनहर के संचालन की घोषणा की है। उत्तरी खंड गंग नहर रूड़की के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया है कि 21 अक्टूबर की आधी रात को लागू की गयी वार्षिक गंगा बंदी के दौरान उत्तराखंड शासन के विभिन्न विभागों की ओर से पुरानी आपूर्ति धारा, नई आपूर्ति धारा, लिंक चैनल, ऊपरी गंगनहर, मायापुर स्केप तथा सिल्ट इजेक्टर चैनल में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नहर बंदी की अवधि में कुंभ मेले की तैयारियों के दृष्टिगत विभिन्न विभागों की ओर से भी नहर एवं उससे जुड़ी प्रणालियों में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण कार्य पूरे होने पर 8 नवम्बर की रात से गंगा में जल प्रवाह शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश शासन से अनुमति प्राप्त हो गई है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को नहर के बहाव मार्ग में निर्माण कार्यों के लिए बनाए गए बंध, डायवर्जन, मिट्टी, निर्माण सामग्री, मशीनरी, टीएंडपी और श्रमिकों से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते नहर की बेंड से हटाने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि किसी भी विभाग की निर्माण सामग्री, मशीनरी अथवा निर्माण कार्य का कोई हिस्सा नहर के बहाव मार्ग में बाधा उत्पन्न न करे। इससे नहर संचालन शुरू होने पर किसी प्रकार की जान-माल की हानि या अप्रिय घटना से बचा जा सकेगा।



